Jharkhand Polling: अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस रोक रही थी अयोध्या पर फैसला

मनिका/लोहरदगा (झारखंड)। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने झारखंड के चुनावी समर में गुरुवार को अयोध्या का मसला उठाया। उन्होंने कांग्रेस पर अयोध्या मामले में सुप्रीम कोर्ट का फैसला रोकने तथा कश्मीर समस्या को 70 वर्षों तक लटकाए रखने का आरोप लगाया। मनिका तथा लोहरदगा में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए शाह ने कहा- ‘वर्षों से यह फैसला नहीं हो पा रहा था। हम चाहते थे कि संवैधानिक ढांचे में इस विवाद का समाधान हो। अब देखिए, भगवान राम के आशीर्वाद से सुप्रीम कोर्ट ने भव्य राम मंदिर निर्माण का रास्ता साफ कर दिया है। हर कोई चाहता था कि अयोध्या में राम मंदिर बने लेकिन कांग्रेस केस को रोक रही थी।”

उन्होंने कांग्रेस पर कश्मीर समस्या के समाधान को भी लटकाए रखने का आरोप लगाया। कहा- ‘कांग्रेस पार्टी ने अपना वोट बैंक बचाने की फिराक में 70 वर्षों से कश्मीर समस्या को लटका रखा था। लेकिन मोदीजी (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) ने भारत माता के मुकुट से अनुच्छेद 370 का दाग मिटा दिया और कश्मीर के विकास का मार्ग प्रशस्त कर दिया।”शाह ने अपनी पाटी की प्रतिबद्धता जाहिर करते हुए कहा कि दोबारा सत्ता में आने के बाद मोदी सरकार ने संसद के पहले ही सत्र में अनुच्छेद 370 तथा 35ए को हटा दिया।

उन्होंने कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने तथा आदिवासियों और गरीबों से छल करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि झामुमो नेतृत्व हजारों करोड़ रुपए के भ्रष्टाचार में लिप्त रहा, जबकि रघुवर दास के नेतृत्व वाली भाजपा की स्थिर सरकार ने राज्य को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया। शाह ने कहा- ‘झामुमो नेता हेमंत सोरेन से पूछा जाना चाहिए कि उन्होंने किस पार्टी से गठजोड़ किया है, जिसने आदिवासियों को 70 वर्षों तक छला है। मैं कांग्रेस अध्यक्षा और राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि उन्होंने आदिवासियों के लिए क्या किया। लेकिन भाजपा भी राज्य में अपने पांच साल के कामों का हिसाब देगी।”

शाह, जो केंद्रीय गृह मंत्री भी हैं, ने झारखंड को नक्सली खतरे से ‘मुक्त” बनाने के लिए रघुवर दास सरकार की सराहना करते हुए इसे भाजपा सरकार की अहम कामयाबी बताया। उन्होंने मतदाताओं को याद दिलाया कि भाजपा सरकार ने ही अलग झारखंड राज्य बनाया था, जिसके लिए कितने लोगों ने जान दी थी। मनिका की चुनावी सभा में उन्होंने कहा- ‘अटलजी (पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी) ने झारखंड राज्य बनाया और नरेंद्र मोदी इसे सजाने-संवारने का काम करेंगे। उन्होंने कहा- ‘लोग मरते रहे, युवा अपना जीवन बलिदान करते रहे लेकिन कांग्रेस के राज में अलग झारखंड राज्य का उनका सपना पूरा नहीं हो सका।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *