दो युवतियों की जघन्य हत्या, अज्ञात हमलावर को तलाश रही पुलिस

रायपुर। हैदराबाद और उन्नाव की घटना के बाद छत्तीसगढ़ में भी महिलाओं पर हमले की वारदात लगातार बढ़ रही है। राजधानी रायपुर के टिकरापारा इलाके में मंगलवार को अज्ञात हमलावर ने दो युवतियों पर चाकू और लोहे के तवे से हमला कर दिया। युवतियों पर चाकू और लोहे के तवे से कई वार किए, इसके बाद हमलावर वहां से भाग निकला। लहूलुहान युवतियों को तड़पते देख कर आस-पास के लोगों ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें अम्बेडकर अस्पताल अस्पताल भेजा, जहां दोनों युवतियों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अब पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

टिकरापारा थाना इलाके के मोतिनगर के गोदावरी नगर में दो युवतियों की धारदार हथियार से ताबड़तोड़, वार कर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी लगते ही हड़कंप मच गया। आनन-फानन में दोनों युवतियों को अम्बेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया है।

बताया जा रहा है कि घटना सोमवार की रात 12 बजे की है। दोनों युवतियां किराए के एक मकान में रहती थीं। जिस दौरान उनके ऊपर हमला हुआ है उस दौरान वो दोनों घर में ही मौजूद थीं। मृतक एक लड़की की शिनाख्त मनीषा सिदार के रुप में की गई।

वह रायगढ़ जिले की रहने वाली थी और यहां पिछले दो साल से किराए के मकान में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। दूसरी युवती की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि वह कल ही मृतिका से मिलने पहुंची थी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इसके बाद ही दोहरे हत्याकांड से पर्दा उठ पाएगा कि दोनों युवतियों की हत्यों क्यों की गई है और हत्यारे कौन हैं? बताया जा रहा है कि चाकू से हमले के साथ ही दोनों युवतियों के गले पर जख्म के गहरे निशान भी थे। दोनों की उम्र 20 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है। दूसरी युवती की शिनाख्त अभी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *