रायगढ़, 11 फरवरी 2020
8 फरवरी को रात्रि 10 बजे 65 वर्षीय वृद्धा श्रीमती बीना तेजवानी जूटमिल क्षेत्र में भटकती अवस्था में मिली। जिसे जूटमिल चौकी के द्वारा सखी वन स्टॉप सेन्टर रायगढ़ लाया गया। सखी में श्रीमती तेजवानी को आश्रय में रखते हुए बातचीत कर उनके निवास व संबंधियों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने अपना निवास स्थान अटल आवास, मिनोचा कालोनी बिलासपुर छ.ग. बताया। इस सूचना के आधार पर महिला संरक्षण अधिकारी व सखी वन स्टॉप सेंटर द्वारा मिनोचा कालोनी बिलासपुर के क्षेत्र में संपर्क कर पीड़िता के विषय में पतासाजी की गई। जिसमें परिजनों से संपर्क हुआ तथा उनके द्वारा बताया गया कि महिला का एक बेटा विजय तेजवानी रायगढ़ के बाजीराव पारा विश्वासगढ़ चर्च के समीप रहता है। जिसकी जानकारी प्राप्त होते ही सखी सेंटर द्वारा पीड़िता के रायगढ़ निवासी बेटे से संपर्क कर जानकारी दी गई एवं उन्हें सखी सेंटर, रायगढ़ बुलाया गया। पीड़िता के बेटे विजय तेजवानी व पति टेकचंद तेजवानी उन्हें लेने सखी सेंटर पहुंचे। उनके द्वारा बताया गया कि पीड़िता की आंखे कमजोर है, जिसकी वजह से वह कभी-कभी रास्ता भटक जाया करती है। पीड़िता ने स्वेच्छा से बेटे व पति के साथ घर जाने की सहमति दी। उनकी आंखो के इलाज हेतु जिला चिकित्सालय ले जाया गया। परिजनों द्वारा सखी वन स्टॉप सेंटर रायगढ़ के प्रति आभार प्रकट किया।
