MP पुलिस की बर्बरता देख कांप जाएगी रूह, अब CM शिवराज ने की कड़ी कार्रवाई

भोपाल: मध्यप्रदेश के गुना से प्रदेश की पुलिस का शर्मनाक चेहरा सामने आया है। एसडीएम और पुलिस के सामने ही किसान और उसकी पत्नी ने जहर पी लिया। दोनों की हालत खराब होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि महिला की हालत गंभीर है।

अब इस मामले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गंभीरता से संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुना के कलेक्टर और एसपी को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए हैं।

इससे पहले ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट कर कहा था कि गुना की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इस संबंध में मैंने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जी से चर्चा कर के ऐसे असंवेदनशील व दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्यवाही का अनुरोध किया है।

दरअसल सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने गई पुलिस और अधिकारियों ने अमानवीयता की सारी हदें पार कर दीं। किसान परिवार को सार्वजनिक तौर पर इतना प्रताड़ित किया कि उसने अधिकारियों के सामने ही जहर पी लिया। इसके बावजूद प्रशासनिक अधिकारी देखते रहे।

जब मां-बाप को बेहोश देखकर मासूम बच्चे चिल्ला चिल्लाकर रोने लगे तब जाकर अधिकारियों को होश आया। इसके बाद आनन-फानन में पुलिस ने दंपती को अस्पताल पहुंचाया।

दरअसल सरकारी पीजी कॉलेज की जमीन को लेकर विवाद हुआ। राजकुमार अहिरवार लंबे समय से उस जमीन को बंटाई पर लेकर खेती कर रहा था। अचानकक गुना नगर पालिका का अतिक्रमण हटाओ दस्ता एसडीएम के नेतृत्व में यहां पहुंच गया और राजकुमार द्वारा बोई गई फसल पर जेसीबी चलवानी शुरू कर दी।

जब राजकुमार ने विरोध करना शुरू किया तो उसे पुलिस ने पकड़ लिया। राजकुमार ने बताया कि वह जमीन बटाई लिया था और कर्ज लेकर बोआई की थी। जब जमीन खाली पड़ी थी तो कोई नहीं आया। उसने चार लाख रुपये का कर्ज लेकर जमीन में फसल बोई है। अब फसल पक गई है इसपर जेसीबी न चलाई जाए।

बिलखते किसान ने कहा कि मेरे परिवार में 10-12 लोग हैं। अब मेरे पास आत्महत्या करने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं है। इसके बाद किसान और उसकी पत्नी ने कीटनाशक पी लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *