MP-राजस्थान की तरह क्या अब छत्तीसगढ़ सरकार पर भी है सियासी संकट

रायपुर. मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में विधायकों (MLA) के असंतोष के कारण 15 साल बाद सत्ता में आई कांग्रेस (Congress) को डेढ़ साल में ही फिर से विपक्ष में बैठना पड़ गया. अब राजस्थान में भी कांग्रेस विधायकों के असंतोष के कारण सियासी भूचाल मचा हुआ है. दोनों राज्यों में कांग्रेस की इस स्थिति के बाद अब सबकी निगाहें छत्तीसगढ़ पर टिकी हैं. क्योंकि राजस्थान, मध्य प्रदेश के साथ ही छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव हुए थे और तीनों ही राज्यों में सत्ताधारी दल बीजेपी को हार और कांग्रेस को जीत मिली थी. छत्तीसगढ़ में बीजेपी नेता ने एक बड़ा बयान दिया है, जिसके बाद सियासत तेज हो गई है.

छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने एक बयान दिया है. पूर्व मंत्री बृजमोहन ने कहा कि मध्य प्रदेश और राजस्थान की तरह ही छत्तीसगढ़ में भी कांग्रेस विधायकों में असंतोष है. इसके चलते ही आनन फानन में 15 संसदीय सचिवों की नियुक्ति की गई है. निगम मंडलों में भी नियुक्तियों की कवायद की जा रही है. यह मध्यप्रदेश और राजस्थान का असर है. बृजमोहन अग्रवाल ने कहा है कि राज्य में कांग्रेस के विधायकों में बहुत ज्यादा असंतोष है.

दिग्विजय सिंह ने किया पलटवार
बीजेपी नेता बृजमोहन अग्रवाल के बयान पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने बयान दिया है. छत्तीसगढ़ प्रवास पर आए दिग्विजय सिंह ने ​कहा कि बीजेपी और बृजमोहन अग्रवाल नीलामी करने बैठे हैं. बीते बुधवार को रायपुर दौरे के दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि इतना पैसा आ गया है भाजपा और बृजमोहन जी के पास कि वह जिस तरह से नीलामी होती है नीलामी करने बैठे हैं. हालांकि राजस्थान को लेकर पूछे गए सवाल पर सिंह ने कहा कि वह राजस्थान के प्रभारी नहीं हैं और वह जयपुर भी नहीं गए हैं. इसलिए उन्हें वहां के बारे में कोई जानकारी नहीं है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *