अब किसी भी व्यक्ति को नहीं किया जाएगा क्वारंटाइन……

सुकमा: कलेक्टर चन्दन कुमार ने आज जिला कलेक्टोरेट स्थित सभा कक्ष मे साप्ताहिक समय सीमा की बैठक ली। बैठक मे उन्होंने विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों से समय सीमा के प्रकरणों के निराकरण के संबंध मे वन-टू-वन जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर चन्दन कुमार ने अब अन्य राज्यों से आने वाले किसी भी व्यक्ति को क्वारांटाईन में नहीं रखने के साथ ही सभी को डिस्चार्ज करने के निर्देश दिए हैं।

बैठक में कलेक्टर चन्दन कुमार ने राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजना नरवा, गरूवा, घुरूवा, बारी के तहत जिले में गौवंशीय पशु धन के संरक्षण एवं संर्वधन के विषय में विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी गोठानों में वर्मी कम्पोस्ट खाद निर्माण हेतु वर्मी टांका के निर्माण आदि के संबंध में आवश्यक निर्देश दिये। बैठक में कलेक्टर ने धान खरीदी के पहले बोये गये खरीफ फसलों का रकबा सत्यापन अर्थात् गिरदावरी के कार्य में राजस्व और कृषि विभाग के अमलों को किसानों के खेतों में पहुँच कर बोये गये फसलों और रकबो का सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होने गिरदावरी की प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की। इसी तारतम्य में उन्होंने लोक सेवा गांरटी अधिनियम के तहत प्राप्त आवेदन पत्रों की भी समीक्षा की। उन्होंने लोक सेवा गांरटी अधिनियम के तहत प्राप्त आवेदन पत्रों को निर्धारित समयावधि में निराकृत करने के निर्देश दिये। इसी तरह उन्होंने अन्य लाभकारी योजनाओ की भी विस्तारपूर्वक समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नूतन कुमार कंवर, जिला वनमण्डलाधिकारी आर डी तारम, अपर कलेक्टर ओ पी कोसरिया, डिप्टी कलेक्टर रवि कुमार साहू, अनुविभागीय अधिकारी कोन्टा हिमांचल साहू, अनुविभागीय अधिकारी सुकमा नभ एल स्माईल सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *