कोरोना में आत्महत्या : रायपुर में मेडिकल स्टूडेंट ने चौथी मंजिल से कूदकर जान दी

छत्तीसगढ़ के रायपुर में एक मेडिकल स्टूडेंट ने घर की चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। दो दिन बाद छात्र की मंगलवार को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा की मोर्चरी में रखवा दिया। छात्र के खुदकुशी करने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, मालवीय रोड निवासी आयुर्वेदिक मेडिसिन कारोबारी का 23 साल का बेटा मेडिकल कॉलेज में द्वितीय वर्ष का छात्र था। रविवार तड़के करीब 4.30 बजे घर की चौथी मंजिल से नीचे कूद गया। चीख सुनकर घर के लोग बाहर की ओर भागे तो छात्र खून से लथपथ पड़ा था। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां मृत घोषित कर दिया गया।

कुछ दिनों से परेशान चल रहा था छात्र
छात्र अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। कोरोना के कारण कॉलेज बंद चल रहा है। ऐसे में घर में रहकर ही ऑनलाइन क्लासेज से पढ़ाई हो रही थी। परिजनों ने बताया कि वह कुछ दिनों से परेशान चल रहा था। हालांकि परेशानी कोरोना के कारण थी या फिर पढ़ाई को लेकर यह स्पष्ट नहीं है। परिजनों की स्थिति देखकर पुलिस अभी पूछताछ नहीं कर रही है।

मामले को दबाने में लगी थी पुलिस
शहर के बड़े कारोबारी से जुड़ा होने के कारण पुलिस मामले को दबाने में लगी हुई थी। छात्र के रविवार तड़के आत्महत्या करने के बाद भी यह जानकारी सामने नहीं आ सकी। कोरोना के नियमानुसार जांच के लिए शव से सैंपल लिया गया था। दो दिन बाद मंगलवार को छात्र के संक्रमित होने की रिपोर्ट आई। देर शाम मेडिकल बुलेटिन जारी होने के बाद सुसाइड करना सामने आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *