फिटनेस का डोज़ आधा घंटा रोज़’….पीएम मोदी ने दिया फिटनेस का महामंत्र

नई दिल्ली: पीएम मोदी ने देश की जनता को स्वस्थ रहने का मंत्र दिया है। यह मंत्र है, “फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज।” पीएम मोदी ने कहा कि इस मंत्र में सभी लोगों का स्वास्थ्य और सुख छिपा हुआ है। उन्होंने कहा कि फिट इंडिया मूवमेंट ने अपने प्रभाव और प्रासंगिकता को कोरोना महामारी के संकट काल में सिद्ध करके दिखाया है। फिट रहना उतना कठिन नहीं, जितना लोगों को लगता है। उन्होंने लोगों से अनुरोध करते हुए कहा कि योग या अपना पसंदीदा खेल रोज कम से कम 30 मिनट अवश्य खेलें।

पीएम मोदी ने गुरुवार को फिट इंडिया मूवमेंट की पहली सालगिरह पर कहा कि, “मुझे यकीन है कि देशवासी फिट इंडिया मूवमेंट से और अधिक से अधिक जुड़ते रहेंगे। हम लोग मिलकर एक दूसरे को जोड़ते रहेंगे। फिट इंडिया मूवमेंट दरअसल हिट इंडिया मूवमेंट भी है। इसलिए जितना इंडिया फिट होगा, उतना ही इंडिया हिट होगा।” पीएम मोदी ने आगे कहा कि, “जब हम नियमित तौर पर  व्यायाम करते हैं तो खुद को फिट और सेहतमंद रखते हैं। इससे एक आत्मविश्वास आता है। यही आत्मविश्वास व्यक्ति को अलग-अलग क्षेत्र में कामयाबी दिलाता है।”

उन्होने कहा कि योग, आसन, व्यायाम, घूमना, दौड़ना, स्वस्थ आहार, तैरना ये सब अब हमारी दिनचर्या का हिस्सा बनता जा रहा है। फिट इंडिया मूवमेंट ने अपने प्रभाव और प्रासंगिकता को कोरोना काल में साबित करके दिखाया है। उन्होंने कहा कि आज विश्व के अनेक देशों ने फिटनेस को लेकर अनेक टारगेट बनाए हैं और उनपर अनेक मोर्चो पर काम कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *