सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले में एक बड़ा सनसनीखेज खुलासा हुआ है जिससे मुख्य आरोपी रिया चक्रवर्ती के झूठ की पोल खुलती नजर आ रही है। मुंबई बीजेपी के नेता विवेकानंद गुप्ता ने दावा किया है कि ‘रिया सुशांत से उनकी मौत के एक दिन पहले यानि 13 जून को मिली थी।’ विवेकानंद ने बताया कि ‘उन्हें ये जानकारी एक चश्मदीद गवाह ने दी है।’
उन्होंने कहा कि ‘13 जून की देर रात को एक पार्टी के बाद सुशांत रिया को छोड़ने उनके अपार्टमेंट में आए थे और ये सब एक चश्मदीद ने देख लिया जिसने उन्हें जानकारी दी।’ उन्होंने आगे कहा कि ‘मुंबई पुलिस दवाब में काम कर रही है जिसके कारण दो-तीन दिन की जांच को 55 दिन खींच दिया गया।’ उन्होंने कहा कि ‘ये हत्या का मामला है जिसे बिना जांच के ही पुलिस ने आत्महत्या करार दिया था।’
‘किसी ने बॉडी को लटकते हुए नहीं देखा’
उन्होंने कहा कि ‘सुशांत की बॉडी को किसी ने लटकते हुए नहीं देखा जिससे सभी शक के घेरे में आ जाते हैं।’ बता दें कि एक्टर के फ्लैटमेट सिद्धार्थ पिठानी ने दावा किया था कि ‘उन्होंने ही सुशांत की बॉडी नीचे उतारी थी’, इसपर विवेकानंद ने कहा कि ‘उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए था।’ बीजेपी सचिव ने कहा कि ‘बॉडी देखकर सबसे पहले पुलिस को बुलाना चाहिए था या तस्वीरें लेनी चाहिए थी।’ उन्होंने कहा कि ‘हो सकता है कि सुशांत की बॉडी को मर्डर करने के बाद लटकाया गया होगा।’
‘CBI को जानकारी दूंगा’
उन्होंने आगे कहा कि ‘वह CBI के संपर्क में हैं और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार सबकुछ एजेंसी को बताएंगे।’
बता दें कि रिया ने दावा किया था कि ‘उनकी 8 जून के बाद सुशांत से कोई बात नहीं हुई थी और वह उनका घर छोड़कर चली गई थी।’ उन्होंने कहा कि ‘सुशांत ने ही उन्हें घर से जाने के लिए कहा था क्योंकि उनकी बहन उनके साथ रहने के लिए आ रही थी।’ हालांकि, विवेकानंद के दावे के बाद, पूरा केस पलट सकता है।
सिद्धार्थ पिठानी और कुक नीरज बन सकते हैं ‘CBI गवाह’
सुशांत मामले में चल रही जांच में सिद्धार्थ पिठानी और कुक नीरज ‘गवाह’ बन सकते हैं। शीर्ष सूत्रों को इसकी जानकारी दी है। ‘वह धारा 164 के तहत केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को अपना बयान दर्ज करा सकते हैं।’
शीर्ष सूत्रों के मुताबिक, पिठानी फिलहाल CBI के रडार पर हैं और अधिकारियों द्वारा उनकी निगरानी की जा रही है। वह 14 जून को मुंबई के उस बांद्रा फ्लैट में थे जब सुशांत की मौत हुई थी। CBI से पूछताछ के दौरान केवल पिठानी ने ही खुलासा किया था कि ‘सुशांत की मौत से एक दिन पहले 13 जून को उनके फ्लैट पर बाहर से कुछ लोग आए थे।’
सुशांत की मौत के समय घर में उनके स्टाफ दीपेश सावंत और कुक नीरज भी थे। दोनों से CBI पूछताछ कर चुकी है और अब उनसे दोबारा पूछताछ हो सकती है। CBI ने इन दोनों और पिठानी के साथ मिलकर सुशांत के घर में मौत वाले सीन को रिक्रियेट किया था। दीपेश को रिया चक्रवर्ती और उनके भाई शौविक के साथ ड्रग्स मामले में NCB ने गिरफ्तार कर लिया है।हाल ही में नीरज को दिल्ली में ट्रैक किया है और सूत्रों के अनुसार, उन्हें एक अभिनेता द्वारा काम दिलाया गया है जो रिया के करीबी हैं।
इस बीच, AIIMS के डॉक्टरों की एक टीम ने सुशांत मामले में अपनी फोरेंसिक रिपोर्ट CBI को सौंप दी है। सूत्रों के अनुसार, टीम ने हत्या के एंगल को खारिज नहीं किया है। उनकी रिपोर्ट सौंपने से कुछ समय पहले ही CBI ने एक बयान जारी करने हुए कहा था कि ‘मामले में व्यवस्थित जांच की जा रही है और किसी भी एंगल को खारिज नहीं किया गया है।’
