बाराबंकी में मिला नाबालिग लड़की का निर्वस्त्र शव, सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका

बाराबंकी: उत्तर प्रदेश में एक दलित नाबालिग किशोरी का अर्धनग्न शव बरामद हुआ है. धान काटने गई किशोरी का शव दूसरे खेत में मिला. निर्वस्त्र हालत में शव मिलने के बाद परिवार वालों ने सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जाहिर की है. घटना राजधानी लखनऊ से लगे बाराबंकी जिले की है. जानकारी के अनुसार, बाराबंकी जिले के सतरिख थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी 15 वर्षीय किशोरी धान काटने के लिए गई थी.

वह जिस खेत में धान काटने गई थी, उसके बगल के खेत में किशोरी का शव बरामद हुआ है. परिजनों के अनुसार, किशोरी का शव अर्धनग्न हालत में मिला. शव जिस स्थिति में मिला, उसे देखते हुए परिजनों ने सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है. बताया जाता है कि किशोरी के हाथ और पैर बंधे हुए थे. किशोरी जिस गांव की रहने वाली है, उस गांव में सिर्फ दलित बिरादरी के लोग ही निवास करते हैं. सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंची सतरिख पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए पहुंचा दिया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. इस घटना से गांव सनसनी मच गई है.

आपको बता दें कि अभी कुछ दिन पहले ही हाथरस में दलित युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया था, जिसे लेकर राजनितिक घमासान मच गया था. पीड़िता की इलाज के दौरान दिल्ली के अस्पताल में मौत हो गई थी, जिसके बाद पुलिस ने शव का जबरन अंतिम संस्कार कर दिया था. यूपी पुलिस की भूमिका पर सवाल उठे तो सरकार ने जांच के लिए SIT गठित करने के साथ ही सीबीआई जांच की अनुशंसा कर दी थी. इस मामले की पड़ताल सीबीआई ने शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *