कोरोना वायरस पर सरकार की नीतियों का असर लगातार दिख रहा है। मंगलवार को 101 दिन बाद देश में पहली बार सबसे कम संक्रमित मरीज सामने आए हैं। इतना ही नहीं 11 सप्ताह के बाद सक्रिय मरीजों की संख्या भी सबसे कम दर्ज की गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते 28 जुलाई को देश में 34,884 संक्रमित मिले थे। इसके बाद अब पिछले 1 दिन में 36,470 संक्रमित मरीज मिले हैं। इस बीच 63,842 संक्रमित मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। वहीं लगातार दूसरे दिन देश में 500 से कम 488 लोगों की मौत हुई है।
इसी के साथ ही देश में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 79,46,429 हो चुकी है जिनमें से 72,01,070 मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं। वहीं 6,25,857 मरीज उपचाराधीन है। स्थिति यह है कि कुल संख्या की तुलना में फिलहाल 7.88 फीसदी ही उपचाराधीन है। जबकि 90.62 फीसदी मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं।वहीं 1.50 प्रतिशत की मौत हो चुकी है।
भारत में बीते अगस्त में संक्रमितों की संख्या 20 लाख के पार चली गई थी, 23 अगस्त को 30 लाख और 5 सितंबर को संक्रमितों की संख्या 40 लाख के पार थी। कुल मामले 16 सितंबर को 50 लाख के पार और 11 अक्टूबर को 70 लाख के पार चले गए थे।
