प्रयागराज में नाबालिग लड़की का अपहरण, खोजबीन में जुटी पुलिस

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, उसकी एक बानगी धर्मनगरी प्रयागराज से सामने आई है. यहां प्रयागराज में एक नाबालिग लड़की का अपहरण कर लिया गया है. मामला कौंधियारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अकोढा बाजार का है. गांव के ही युवकों पर तमंचे की नोक पर लड़की को किडनैप करने का आरोप लगा है. लड़की की तलाश में पुलिस की तरफ से जगह जगह दबिश दी जा रही है.

उल्लेखनीय है कि मंगलवार की शाम से अपहरण की गई लड़की का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है. परिवार वालों की तहरीर पर छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस आरोपियों के घर और परिचितों के ठिकानों पर दबिश दे रही है. पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को पूछताछ के लिए कस्टडी में लिया है.

बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम नाबालिग लड़की का कुछ युवकों ने गांव से ही अपहरण कर लिया. लड़की के शोर मचाने पर उसके भाई ने देखा, किन्तु जब तक वह पहुंचता अपहरणकर्ता बाइक पर लड़की को लेकर भाग निकले. अगवा की गई लड़की गांव के ही एक विद्यालय में कक्षा 10 की छात्रा है. फिलहाल पुलिस लड़की को खोजने के लिए छापेमारी कर रही है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार करने के दावे कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *