बीते 24 घंटे में कोरोना के 50 हजार से अधिक केस और 577 ने गंवाई जान

देश में कोरोना का कहर जारी है. कोरोना वायरस से भारत में 1 लाख 25 हजार से ज्यादा लोगों की अब तक मौत हो चुकी है, वहीं संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 84 लाख के पार पहुंच गया है. शनिवार सुबह स्वास्थ्य मंत्रालय (Ministry Of Health) की तरफ से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों में देश में कोरोना के 50 हजार 357 नए मामले सामने आए और इस दौरान 577 लोगों की मौत हो गई.

इसके साथ ही देश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 84,62,081 पहुंच गया है वहीं, अब तक 1,25,562 लोगों की मौत हो चुकी है. भारत में कोरोना के एक्टिव मामलों में लगातार कमी आ रही है और फिलहाल यह 6 लाख से नीचे पहुंच गया है. देश में अभी कोरोना के 5,16,632 एक्टिव केस हैं, वहीं, 78,19,887 लोगों को इलाज के बाद छुट्टी मिल चुकी है. वहीं, बीते 24 घंटे में कोरोना से 53,920 मरीज ठीक हुए हैं.

उधर, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों के स्वस्थ होने की संख्या पांच हफ्तों से रोजाना नए मामलों से अधिक है. इसके साथ-साथ उपचाराधीन मरीजों की संख्या लगातार कम हो रही है. देश में 24 घंटों की अवधि में कोरोना वायरस संक्रमण के 50,000 या उससे कम नए मामले सामने आ रहे हैं, जबकि रोजाना 54,000 से अधिक मरीज स्वस्थ हो रहे हैं. मंत्रालय ने कहा कि भारत में पिछले पांच सप्ताह से लगातार नए मामलों की तुलना में स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या अधिक है.

पिछले पांच हफ्तों से औसत नए मामलों में लगातार कमी आ रही है. अक्टूबर के पहले सप्ताह में नए मामलों की औसत संख्या 73,000 से अधिक थी जो अब 46,000 मामलों तक आ गयी है. नए मामलों में से 79 प्रतिशत मामले 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *