बिहार में विधानसभा चुनाव परिणाम (Bihar election results) आने के बाद सरकार गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है. इसी कड़ी में आज पटना में मुख्यमंत्री आवास पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की अहम बैठक होने वाली है. बैठक में नीतीश कुमार (Nitish Kumar) को विधायक दल का नेता चुना जा सकता है. न्यूज एजेंसी ANI की तरफ से यह जानकारी दी गई है. बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) भी हिस्सा लेंगे.
बिहार BJP प्रमुख डॉ. संजय जायसवाल ने फेसबुक पोस्ट के जरिए कहा, 12:30 बजे होने वाली NDA विधायक दल की बैठक मुख्यमंत्री आवास में होगी. इसमें पर्यवेक्षक के रूप में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस उपस्थित रहेंगे. भाजपा बिहार प्रदेश के तरफ से उनका हार्दिक अभिनंदन एवं स्वागत.
बता दें कि NDA बीते शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पर NDA की अनौचारिक बैठक हुई थी, जिसमें गठबंधन के चार घटक दलों भाजपा, JDU, हम, वीआईपी के नेताओं ने हिस्सा लिया था. बैठक के बाद JDU अध्यक्ष नीतीश कुमार ने कहा था, ‘रविवार 15 नवंबर को साढ़े बारह बजे बैठक शुरू होगी और इसमें आगे निर्णय किया जायेगा.
कुमार ने कहा, ‘इन औपचारिकताओं को नई सरकार के गठन से पहले पूरा किया जाना है. कैबिनेट की सिफारिशों को राज्यपाल को सौंपा जायेगा और इसके बाद नई सरकार के गठन के लिये आगे कदम उठाया जायेगा.’ गौरतलब है कि भाजपा इस चुनाव में 74 सीट जीत कर NDA में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभर कर आई है, जबकि जदयू को 43 सीटें प्राप्त हुई है. हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने कुमार को अगला मुख्यमंत्री बनाने पर जोर दिया है.
बहरहाल, ऐसी अटकले तेज हैं कि उपमुख्यमंत्री पद के लिए भाजपा की ओर से अति पिछड़े वर्ग से किसी नाम को आगे बढ़ाया जा सकता है. हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी के स्थान पर किसी को लाया जायेगा या उत्तर प्रदेश की तरह से दो उप मुख्यमंत्री का प्रयोग दोहराया जायेगा.
