वॉल्वो बस में छिपाकर लाया जा रहा था 4 कुंतल गांजा, पुलिस ने जाल बिछाकर पकड़ा

भुवनेश्वर: वोल्वो बस में उड़ीसा से तस्करी कर लाया जा रहा तीन कुंतल 70 किलो गांजा पुलिस ने जब्त कर लिया है। जिटौली कट पर पुलिस ने बस को रोका और गांजे के साथ चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। बस को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस को मुखबिर से ख़ुफ़िया सूचना मिली कि उड़ीसा से वोल्वो बस में गांजा तस्करी कर लाया जा रहा है। इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा तपेश्वर सागर ने पुलिसबल के साथ जिटौली कट पर घेराबंदी कर दी और बस को रोक दिया।

तलाशी लेने पर बस में लगभग तीन कुंतल 70 किलो गांजा पाया गया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और बस को कब्जे में लेकर थाने ले आई। आरोपियों की शिनाख्त अर्जुन सैनी निवासी फलावदा, विनय निवासी रजपुरा, अंकित निवासी गुरसाना और नरेश निवासी ग्राम मरोरा अमरोहा के रूप में की गई है। आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वोल्वो बस में पिछले डेढ़ वर्ष से गांजे की तस्करी कर रहे थे।

66 पैकेट में गांजा भरकर बस की सीट के नीचे छिपाया गया था।  पुलिस के मुताबिक, जिस बस में गांजा तस्करी हो रही थी यह बस गाजियाबाद के रहने वाले सुनील कुमार की है। पुलिस का कहना है कि बस मालिक मोटी रकम लेकर बस से गांजे की तस्करी करा रहा था। एसएसपी अजय साहनी ने टीम को पुरस्कृत करने के लिए 20 हजार रुपये देने का ऐलान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *