रिकॅार्ड आवेदन के बाद भी बीएड की 8 हजार सीटें खाली

प्रदेश के बीएड महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए प्रथम चरण की प्रक्रिया समाप्त हो गई है। रिक्त सीटों की जानकारी राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद द्वारा जारी किए जाने के बाद दूसरे चरण के लिए काउंसिलिंग शुरू कर दी गई है। छात्रों से इसके लिए आवेदन मंगाए गए हैं। तीन चरणों में इस वर्ष बीएड सीटों के लिए काउंसिलिंग होनी है। जनवरी अंत तक यह प्रक्रिया चलेगी। प्रथम चरण के लिए रिकॉर्ड आवेदन आने के बाद भी आठ हजार सीटें खाली रह गई हैं। प्रदेश में बीएड के 147 कॉलेज हैं। इनमें 14,250 सीटें है। जिसके लिए पहली मेरिट लिस्ट 16 दिसंबर को जारी की गई थी। जो कैंडिडेट्स दूसरे चरण की काउंसिलिंग में शामिल होना चाहते हैं वे एससीईआरटी की आधिकारिक वेबसाइट में जाकर इससे जुड़ी जानकारी हासिल कर सकते हैं। गौरतलब है कि इस बार बीएड पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए रिकॉर्ड आवेदन प्राप्त हुए थे। पहले चरण में ही 36 हजार कैंडिडेट्स ने इसके लिए आवेदन किया था। इस वर्ष प्रवेश परीक्षाओं के स्थान पर स्नातक में प्राप्त अंकों के आधार पर छात्रों को सीटें आवंटित की जा रही हैं। पहले चरण में शासकीय महाविद्यालयों में कई विभिन्न वर्गों में कटऑफ 80 प्रतिशत तक गए थे। ना सिर्फ शासकीय महाविद्यालय बल्कि कई निजी महाविद्यालयों में भी कटऑफ 80 पार रहे। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही थी कि पहले चरण में ही 80 से 90 फीसदी सीटें भर जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *