चिन्हारी पोर्टल पर अब तक राज्य के 600 लोक कलाकारों ने कराया पंजीयन

छत्तीसगढ़ राज्य के संस्कृति विभाग के अंतर्गत अधिकृत लोक कलाकार की मान्यता प्राप्त करने चिन्हारी पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अब तक प्रदेशभर से 600 लोक कलाकारों ने चिन्हारी में पंजीयन करा लिया है। रोजाना अलग-अलग जिलों से विभाग के चिन्हारी पोर्टल में दर्जनों लोक कलाकार पंजीयन करा रहे हैं। संस्कृति विभाग के पंजीयन संबंधित अधिकारियों ने बताया कि चिन्हारी पोर्टल में रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया एक बार फिर 9 दिसंबर से शुरू कर दी गई है। इसके बाद से लगातार प्रदेशभर से लोक कलाकारों द्वारा बड़ी संख्या में चिन्हारी पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया जा रहा है। 14 दिन में करीब 103 नए लोक कलाकारों ने चिन्हारी पोर्टल पर पंजीयन कराया है। पहले से करीब 497 कलाकारों ने पंजीयन करा रखा था। अधिकारियों ने कहा कि चिन्हारी पोर्टल में पंजीयन निशुल्क है।

इंटरनेट युक्त माेबाइल व कंप्यूटर के माध्यम से प्रदेश के किसी भी कोने से घर बैठे विभाग की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन फार्म भरा जा सकता है। ऑनलाइन आवेदन फार्म में कलाकार के नाम और पता एवं कला विधा और फोटो ग्राफ सहित अन्य जानकारी अपलोड कर पंजीयन किया जा सकता है। बता दें कि चिन्हारी पोर्टल में पंजीकृत कलाकारों को ही विभाग द्वारा वितरित कार्यक्रमों का आबंटन और राशि भुगतान आदि किया जाएगा। यह एक तरह से लोक कलाकारों को डिजिटल फार्मेट से जोड़ने का संस्कृति विभाग द्वारा किया गया नया प्रयोग है। पहचानपत्र भी दिया जाएगा चिन्हारी पोर्टल पर पंजीकृत हुए लोक कलाकारों को अब संस्कृति विभाग जल्द ही पहचानपत्र यानी आईडी कार्ड वितरित करेेगा। इसमें कलाकार के नाम और कला विधा एवं पता आदि जानकारी दर्ज रहेगी। संस्कृति विभाग आईडी कार्ड की डिजाइन तैयार करने में लगा हुआ है। पहचानपत्र के साथ ही लोक कलाकारों का दल सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने राज्य सहित देश-विदेश के लिए जाएगा। वहां छत्तीसगढ़ शासन के कलाकार के रूप में उनकी पहचान प्रमाणित हो सकेगी। बढ़ रही पंजीयन संख्या प्रदेशभर से चिन्हारी पोर्टल पर पंजीयन कराने लोक कलाकारों में उत्साह देखने को मिल रहा है। पंजीयन प्रक्रिया शुरू होने के बाद 14 दिनों के भीतर 100 से अधिक लोक कलाकारों ने पंजीयन कराया है। आने वाले दिनों में यह आंकड़ा हजारों में पहुंचने का अनुमान है। साथ ही पंजीकृत कलाकारों को पहचानपत्र भी जल्द ही वितरित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *