छत्तीसगढ़ विधानसभा: प्रश्नकाल में उठा बस्तर में गांजा तस्करी का मामला

रायपर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र का आज तीसरा दिन है। तीसरे दिन सदन में गांजा तस्करी का मामला उठा है। कांग्रेस के लखेश्वर बघेल ने सदन में गांजा तस्करी के मामले को लेकर कहा कि तस्करी को रोकने के लिए सीमा पर निगरानी बढ़ाई जानी चाहिए।

गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि जल्द ही अफसरों की बैठक लेकर चेक पोस्ट पर निगरानी बढ़ाएंगे। इस दौरान गृहमंत्री ने स्वीकार किया कि दूसरे राज्यों से गांजा आता है। इस पर निगरानी बढ़ाकर रोक लगाई जाएगी।

रमन सिंह ने उठाया मानव तस्करी का मामला

पूर्व सीएम रमन सिंह ने मानव तस्करी का मामला उठाया। इसके रोकथाम के लिए की जा रही कार्रवाई की जानकारी मांगी। रमन सिंह ने पूछा कि इसको लेकर स्टेट कमेटी ने क्या-क्या निर्णय लिया? क्या इसके लिए किसी अधिकारी की नियुक्ति की गई? सवाल के दौरान रमन सिंह ने गृहमंत्री पर गलत जानकारी देने का आरोप लगाया।

इस पर गृहमंत्री ने कहा कि इसके लिए DIG स्तर के अधिकारी की नियुक्ति की गई है। रमन सिंह ने कहा कि पूरे प्रदेश में लड़कियों की तस्करी की जा रही। रमन ने कवर्धा की लड़की की तस्करी का मामला उठाया। जवाब में गृहमंत्री ने इसकी पूरी जानकारी देने की बात कही।

CM बघेल पेश करेंगे द्वितीय अनुपूरक बजट

शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 25 सौ करोड़ का द्वितीय अनुपूरक बजट भी पेश करेंगे। इसके साथ ही, सरकार 4 संशोधन विधेयक पेश करेगी। उद्योग मंत्री कवासी लखमा केंद्र के नगरनार इस्पात संयंत्र को निजी हाथों में सौंपने के फैसले को निरस्त करने को लेकर शासकीय संकल्प लाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *