चलती ट्रेन में महिला के साथ बलात्कार…..फिर धक्का दे दिया…पटरियों पर घायल अवस्था में मिली पीड़िता

मुंबई के बाहरी इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. जहां एक 24 वर्षीय महिला के साथ पहले बलात्कार किया गया और बाद में अज्ञात आरोपी ने उसे चलती लोकल ट्रेन से धक्का दे दिया. इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. नवी मुंबई में रेलवे पुलिस ने महिला को रेलवे पटरियों के पास से घायल अवस्था में बरामद किया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. अब पीड़िता महिला मुंबई के जेजे अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है. पुलिस के मुताबिक पीड़िता टिटवाला की रहने वाली है और पवई में मेड के रूप में काम करती है. वाशी रेलवे पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता को अचेत अवस्था में वाशी नाले के पुल के पास रेलवे पटरियों के पास पाया गया था. उसके शरीर पर चोटों के कई निशान पाए गए हैं.

पीड़िता को पटरियों पर एक लोकल ट्रेन के मोटरमैन ने देखा, जिसने मंगलवार की सुबह रेलवे पुलिस को इस बारे में सूचित किया था. वाशी जीआरपी के अधिकारियों ने घटनास्थल पर जाकर देखा तो पीड़िता तब भी जीवित थी. इसके बाद उसे वाशी के म्युनिसिपल अस्पताल ले जाया गया. जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे मुंबई के जेजे अस्पताल में रेफर कर दिया गया. इस मामले से जुड़े एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि पीड़िता की जांच कर रहे डॉक्टरों के मुताबिक पीड़िता को लोकल ट्रेन से धक्का देने से पहले उसके साथ रेप किया गया था. बलात्कार के बाद चलती ट्रेन से धक्का दिए जाने के कारण ही उसके शरीर पर जख्म हुए. वो ट्रेन से गिरने की वजह से बेहोश हो गई थी. जांचकर्ताओं को शक है कि पीड़िता को जान से मारने के लिए आरोपी हमलावर ने पीड़िता को ट्रेन से धक्का दिया हो सकता है. अभी तक पीड़िता बेहोश बताई जा रही है. उसके होश में आने पर घटना के बारे में पूरी जानकारी मिल पाएगी और उसका बयान दर्ज किया जाएगा. रेलवे पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *