FB की दोस्ती रिश्ते में बदली…युवतियों ने आपस में रचाई शादी

जयपुर के नाहरगढ़ इलाके से करीब पखवाड़ा पूर्व लापता हुई युवती को पुलिस ने बरामद कर लिया है. दरअसल, फेसबुक पर महाराष्ट्र की एक युवती से दोस्ती होने के बाद युवती घर से फरार होकर महाराष्ट्र चली गई थी. वहां जाकर उसने युवती से समलैंगिक संबंध बनाए और शादी कर ली. लापता हुई युवती के परिजनों ने नाहरगढ़ थाना पुलिस को सूचना दी, तब पुलिस ने 13 दिन बाद लापता युवती को बरामद कर परिजनों को सुपुर्द किया. पुलिस उपायुक्त जयपुर उत्तर योगश यादव ने बताया कि नाहरगढ़ रोड थाना क्षेत्र में रहने वाली 18 वर्षीय युवती रहस्यमयी तरीके से लापता हो गई थी. इस संबंध में 18 दिसंबर को परिजनों ने युवती की गुमशुदगी दर्ज कराई थी. लापता युवती को तलाश करते हुए पुलिस टीम बुधवार देर रात महाराष्ट्र पहुंची. युवती को तलाश कर पूछताछ करने पर पता चला कि उसने नागपुर की रहने वाली एक युवती से महाराष्ट्र के एक मंदिर में समलैंगिक विवाह किया और दोनों साथ रह रही है. जयपुर से 1500 किलोमीटर दूर गढ चिरोली महाराष्ट्र से युवती को पुलिस ने बरामद कर लिया. वहीं, थानाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व नागपुर निवासी युवती से फेसबुक पर उसकी दोस्ती हुई थी. वह चिरौली महाराष्ट्र में प्राइवेट कंपनी में जॉब करती है. फेसबुक पर दोस्ती होने के बाद दोनों के बीच मोबाइल पर भी बातचीत होने लगी. दोनों युवतियों में प्यार बढ़ गया और दोनों ने जीवनभर साथ रहने का वादा कर लिया. 18 दिसंबर को महाराष्ट्र से युवती जयपुर आई और नाहरगढ रोड पर रहने वाली युवती को अपने साथ लेकर महाराष्ट्र रवाना हो गई.

जयपुर से लापता युवती के परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की, लेकिन युवती के पास मोबाइल फोन नहीं था. ऐसे में उसे तलाशना मुश्किल हो रहा था. तब छानबीन में सामने आया कि लापता हुई लड़की की महाराष्ट्र की युवती से गहरी दोस्ती थी. उनकी चैटिंग भी मिली. तब पुलिस को युवती का महाराष्ट्र के गढ़ चिरौली में होने का पता चला. इसके बाद नाहरगढ़ थाने से पुलिस टीम को महाराष्ट्र भेजा गया. वहां से युवती को जयपुर लाया गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *