पुराने सहपाठियों के साथ घूमने जा रही 11 महिलाओं की सड़क हादसे में मौत, PM मोदी ने जताया शोक

धारवाड़: स्कूल की सहपाठियों के साथ गोवा घूमने और पुराने दिनों को याद करने की योजना 11 महिलाओं के लिए जीवन का आखिरी सफर साबित हुआ जिनकी सड़क हादसे में मौत हो गई. हादसे में मृत सभी 11 महिलाएं देवनगरे स्थित सेंट पॉल स्कूल के 1989 बैच की छात्रा थीं और यह समूह जिस मिनी बस से जा रहा था उसकी शुक्रवार को इतिगत्ति गांव के पास लॉरी से टक्कर हो गई

मृतकों की पहचान आशा जगदीश, प्रवीना, पूर्णिमा, मानसी, प्रेमज्योति, राजेश्वरी शिवकुमार, शकुंतला, उषा, वेदा, निर्मला, मंजुला नीलेश, रजनी श्रीनिवास और प्रीति रविकुमार के रूप में हुई है

पुलिस के मुताबिक पूर्व छात्राओं ने तीन दिन की गोवा यात्रा की योजना बनाई थी और इनमें से दो के साथ उनकी बेटियां भी थी. उन्होंने बताया कि 14 पूर्व छात्राएं शु्क्रवार सुबह देवनगरे से रवाना हुई थीं जिनमें से 13 देवनगरे जिला मुख्यालय के कस्बे की ही थीं जबकि एक महिला बेंगलुरु की थी

पुलिस ने बताया कि वे एक सहपाठी को धारवाड़ से लेने जा रही थी तभी यह हादसा हो गया. उन्होंने बताया कि वाहन के चालक और खलासी को रानेबेन्नूर से पकड़ा गया है. हादसे में ट्रक ड्राइवर और पांच अन्य महिलाएं घायल हुई हैं.

पुलिस ने बताया कि दो घायलों की गंभीर स्थिति है और एक महिला को हवाई जहाज की मदद से बेंगलुरु के अस्पताल में स्थानांतरित किया गया है. पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस दुर्घटना में हुई जनहानि पर दुख व्यक्त किया. प्रधानमंत्री कार्यालय ने प्रधानमंत्री का एक शोक संदेश ट्वीट किया जिसमें कहा गया है, ‘‘कर्नाटक के धारवाड़ जिले में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि से दुखी हूं. दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं. मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं.’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *