रायगढ़:– शिक्षा जैसे पवित्र पेशे में जब एक प्रधान अध्यापक ही छात्राओं से अश्लीलता करते हुए उनसे छेड़छाड़ करने लगे तो इससे ज्यादा शर्मनाक स्थिति क्या हो सकती है. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में नाबालिग छात्राओं से छेड़छाड़ का वाकया सामने आया है. ताजा जानकारी के मुताबिक हेडमास्टर के खिलाफ 10 और 11 साल की छात्राओं से अश्लील हरकत करने के आरोप में केस दर्ज करने के बाद निलंबित कर दिया गया है.
जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ जिले के पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि जिले के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बनखेता गांव के प्राथमिक शाला की छात्राओं से छेड़छाड़ करने के आरोप में पुलिस ने प्रधान अध्यापक शशिकांत गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिक शाला की छात्राओं ने गुप्ता के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत की थी. शिकायत के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले की जांच की थी. जांच के बाद गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रायगढ़ के विकास खंड शिक्षा अधिकारी सीके धृतलहरे ने इस मामले की जांच की थी. जांच में पाया गया कि चार फरवरी को गुप्ता ने अपने प्राथमिक शाला में अध्ययनरत तीन बच्चियों के साथ छेड़छाड़ की थी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने विकास खंड शिक्षा अधिकारी धृतलहरे की रिपोर्ट पर गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.
पुलिस अफसरों ने बताया कि गुप्ता को प्राथमिक शाला की 10 और 11 वर्ष की बालिकाओं के साथ अश्लील हरकत करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है.
