रोड सेफ्टी क्रिकेट वर्ल्ड सीरिज: भाजपाईयों में बंटे पास

रायपुर। क्या क्रिकेट टूर्नामेंट भी सियासत का मुद्दा बन सकता है? जवाब हैं, हां. यह देखना हो तो चले आइए छत्तीसगढ़, जहां 5 मार्च से रोड सेफ्टी टूर्नामेंट की शुरूआत होने जा रही है. राजधानी रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए जारी किए जा रहे पासेस (प्रवेश पत्र) को लेकर विवाद गहरा गया है. कांग्रेसी आरोप लगा रहे हैं कि कांग्रेस शासित राज्य में हो रहे इस टूर्नामेंट के लिए भाजपाईयों को रेवड़ी की तरह पास बांटे जा रहे हैं और कांग्रेसी मुंह ताकते खड़े हैं. आलम यह है कि सूबे के मंत्रियों के बंगलों से भी कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं को यह कहकर लौटाया जा रहा है कि पास मिले ही नहीं. मंत्री बंगले पहुंच रहे लोग मायूसी के साथ वापस लौट रहे हैं.

बता दें कि परिवहन विभाग इस टूर्नामेंट का नोडल विभाग है. रोड सेफ्टी टूर्नामेंट का प्रबंधन यह विभाग कर रहा है. विभाग के अपर परिवहन आयुक्त दीपांशु काबरा नोडल अधिकारी हैं. टूर्नामेंट्स के मैचेज के पास जारी किए जाने की अथारिटी भी विभाग के अधीन हैं, लेकिन विभाग असहाय दिख रहा है. पास को लेकर संपर्क किए जाने के बाद भी लोगों को यह नसीब नहीं हो रहा. विभाग के मंत्री मो. अकबर के बंगले से जुड़े सूत्र भी बताते हैं कि पास उन तक भी नहीं पहुंचा है. ज्यादातर मंत्री भी परिवहन मंत्री के बंगले की ओर पास को लेकर टकटकी निगाह से बैठे हुए हैं, लेकिन मैच शुरू होने के एक दिन पहले की शाम तक उनके हिस्से केवल मायूसी है. लाजिमी है कि कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की नाराजगी का दंश भी मंत्रियों को झेलना पड़ रहा है. कई मंत्रियों ने अपने फोन तक स्वीच आफ कर दिए हैं. कुछ ऐसे हैं, जो पास मांगने वालों से हाथ जोड़ रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *