रेलवे ने शुक्रवार को बताया कि कुछ स्टेशनों में प्लेटफॉर्म टिकट की कीमतों (Platform Ticket Price) में हाल में की गई बढोतरी ‘अस्थाई’ है. रेलवे की तरफ से कहा गया है कि कोरोना संक्रमण के कारण भीड़-भाड़ को कम करने के लिए यह कदम उठाया गया है. हाल ही में कुछ स्टेशनों में प्लेटफॉर्म टिकट की कीमत 50 रुपये तक बढ़ाई गई है. रेलवे ने कहा कि कम दूरी वाली यात्रा के टिकट के दामों में बढ़ोतरी का भी मकसद महामारी के दौरान लोगों को गैर जरूरी यात्रा करने से रोकना है
रेलवे ने कहा, ‘कुछ स्टेशनों में प्लेटफॉर्म टिकटों की कीमतों में हाल में की गई बढोतरी ‘अस्थाई’ कदम है और इसका मकसद भीड़-भाड़ के जरिए संक्रमण को फैलने से रोकना है. ऐसा केवल कुछ स्टेशनों में किया गया है जहां ज्यादा भीड़-भाड़ हो रही थी.’ रेलवे ने कहा कि मुंबई डिविजन के 78 में से केवल 7 स्टेशनों में दाम बढ़ाए गए हैं.
उसने कहा कि स्टेशन पर भीड़-भाड़ को कम करने के लिए प्लेटफॉर्म टिकट के दाम बढ़ाने की शक्ति प्रमंडल रेलवे प्रबंधकों के पास 2015 से है. रेलवे ने कहा कि इसमें कोई नई बात नहीं है और यह प्रक्रिया कई वर्षों से है, लेकिन इसका इस्तेमाल कभी कभी ही किया जाता है.
