बंगाल की मशहूर मिठाइयों पर भी चढ़ा चुनावी रंग, बिक रहे मोदी-दीदी की तस्वीर वाले संदेश

West Bengal Assembly Election 2021: बंगाल की मशहूर मिठाइयों पर भी चुनावी रंग चढ़ गया है। मिठाइयों की दुकानों में मोदी और दीदी की तस्वीर वाले संदेश बिकने शुरू हो गए हैं। चुनावी नारे और विभिन्न राजनीतिक दलों के झंडे वाली मिठाइयां भी खूब बिक रही हैं। बंगाल में इन दिनों खेला होबे (खेल होगा) और जय श्रीराम का नारा बहुत चल रहा है। इससे अब मिठाइयों में भी जगह बना ली है। कोलकाता के मशहूर मिष्ठान्न विक्रेता बलराम मलिक राधारमण मलिक ने खास संदेश तैयार किया है, जिस पर ये दोनों नारे लिखे हुए है। इसके साथ मोदी संदेश और दीदी संदेश भी तैयार किया गया है। इन मिठाइयों की काफी मांग है और ये काफी लोकप्रिय हो रहे हैं। सफेद और हरे रंग के संदेश पर खेला होबे लिखा है, जबकि सफेद और नारंगी रंग के संदेश पर जय श्रीराम लिखा है।

गौरतलब है कि खेला होबे बंगाल में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस का नारा है। यह नारा काफी लोकप्रिय हुआ है। तृणमूल की प्रत्येक रैली में यह नारा सुनाई दे रहा है जबकि भाजपा अपने चुनाव प्रचार अभियान के दौरान ‘जय श्रीराम के नारे का उद्घोष करती है।

मोदी और ममता की तस्वीर वाली मिठाइयां भी मौजूद

दुकान के मालिक सुदीप मलिक ने बताया-‘संबंधित दल अपने हिसाब से मिठाइयां खरीद रहे हैं। मोदी संदेश और दीदी संदेश पर दोनों नेताओं की तस्वीर भी उकेरी गई है। तृणमूल और भाजपा के प्रतीक चिह्न से जुड़ी अन्य मिठाइयां भी बाजार में हैं। प्रतीक चिन्ह वाली मिठाइयों को तैयार करने में काफी सावधानी बरती जा रही हैं ताकि उसका सही प्रतिरूप बन सके। उन्होंने आगे कहा कि सफेद, हरे और नारंगी रंग के संदेश पर खेला होबे लिखा है। आकार के हिसाब से चॉकलेट, स्ट्रॉबेरी और आम के स्वाद वाले संदेश की कीमत 40 से 100 रुपये के बीच है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *