इनामी नक्सली समेत तीन नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

दंतेवाड़ा, 28 जून (भाषा) छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में एक इनामी नक्सली समेत तीन नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में लोन वर्राटू (घर वापस आइए) अभियान से प्रभावित होकर मिलिशिया कमांडर देवा मुचाकी (31), आपूर्ति टीम के सदस्य गंगा उर्फ भास्कर बघेल (23) और रत्तू उर्फ राजू बघेल (28) ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सली देवा मुचाकी के सिर पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।

उन्होंने बताया कि नक्सलियों ने ‘लोन वर्राटू’ अभियान से प्रभावित होकर तथा माओवादी संगठन की खोखली विचारधारा से तंग आकर आत्मसमर्पण करने का फैसला किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों पर पुलिस दल पर हमला करने, सड़कों को नुकसान पहुंचाने तथा नक्सलियों तक दवाइयां और अन्य सामान पहुंचाने जैसे आरोप थे।

अधिकारियों ने बताया कि ‘लोन वर्राटू’ अभियान के तहत अब तक 100 इनामी नक्सलियों सहित कुल 378 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *